राष्ट्रवाणी: ब्रेजा की जिद में टूटी शादी, ऑरा बुक होने पर दुल्हन बिना लौटी बारातदिल्ली पुलिस के जवान को चाहिए थी ब्रेजा, बुक हुई थी ऑरा, मनपसंद कार न मिलने पर दुल्हन के बिना लौटी बारातReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 22, 2026, 12:07 ISTGroom demands Brezza car: सोनीपत में दहेज की मांग को लेकर शादी तोड़ने का एक गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे को शादी में ब्रेजा कार चाहिए थी, लेकिन दुल्हन के पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी. इसके बावजूद दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा.sonipat newsसोनीपत: शादी में मनपसंद कार नहीं मिलने पर दुल्हन के बेगैर बारात वापस लौट गई. आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे को शादी में ब्रेजा कार चाहिए थी, लेकिन दुल्हन के पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी. इसके बावजूद दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा. शादी का मंडप सज गया, बारात भी पहुंच गई और मेहमानों का स्वागत भी हो गया, लेकिन ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया. लड़की के पिता ने दिल्ली पुलिस के जवान दूल्हे, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों सहित छह लोगों के खिलाफ सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी है. शिकायतकर्ता सुभाष कुमार सोनीपत के वेस्ट रामनगर के रहने वाले हैं और आईटीआई गन्नौर से सेवानिवृत्त हैं. उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में बिचौलियों के माध्यम से उनकी बेटी का रिश्ता गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप के साथ तय हुआ था. आरोप है कि रिश्ता तय करवाते समय बिचौलियों ने बताया था कि कुलदीप दिल्ली पुलिस में तैनात है और उसका परिवार संपन्न तथा अच्छा परिवार है. साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया था कि लड़के पक्ष को दहेज नहीं चाहिए. ब्रेजा कार की मांग पर अड़ा रहा 26 अप्रैल को दोनों परिवारों की मौजूदगी में रिंग सेरेमनी हुई. अगस्त में 20 नवंबर 2026 को शादी की तारीख तय कर दी गई. दुल्हन के पिता का आरोप है कि शादी की तारीख तय होने के बाद दूल्हे और उसकी मां ने दहेज की मांगें रखनी शुरू कर दी. दूल्हे ने अपने लिए दो तोले की सोने की चेन और अंगूठी की मांग की. वहीं, अपनी मां के लिए सोने के टॉप्स और चांदी की पायल मांगी. इसके अलावा परिवार के लिए महंगे कपड़ों की मांग भी की गई. शिकायत के मुताबिक, दूल्हे ने शादी में बड़ी गाड़ी देने की मांग रखी और ब्रेजा कार लेने पर अड़ गया. पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए करीब 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई, लेकिन दूल्हा इससे संतुष्ट नहीं हुआ. आरोप है कि 18 नवंबर को भी बिचौलिए के माध्यम से ब्रेजा कार की मांग दोहराई गई. Advertisement एक दिन पहले दिया फर्नीचर और अन्य सामान पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि शादी से एक दिन पहले 19 नवंबर को दुल्हन पक्ष के लोग सगाई की रस्म के लिए दूल्हे के घर पहुंचे. इस दौरान फर्नीचर और अन्य सामान दिया गया. आरोप है कि सामान देखने के बाद दूल्हे और उसकी मां ने उसे घटिया किस्म का बताते हुए ताने दिए. साथ ही दूल्हे के भाई-भाभी के लिए सोने की चेन और टॉप्स तथा मां के लिए सोने के कड़े की मांग भी रख दी. हालांकि, इसके बावजूद 19 नवंबर को सगाई की रस्म पूरी हुई और अगले दिन शादी की तैयारियां जारी रही. शादी वाले दिन यानी 20 नवंबर को सोनीपत के मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में बारात पहुंची. शिकायतकर्ता के अनुसार, शाम करीब 7 बजे दूल्हा और उसकी मां पहले सादे कपड़ों में वाटिका पहुंचे और ब्रेजा कार नहीं देखकर शादी नहीं करने की बात कही. बाद में वे बारात के साथ पहुंचे. बिचौलियों ने भी दुल्हन के पिता पर बनाया दबाव आरोप है कि बिचौलियों ने भी दुल्हन के पिता पर ब्रेजा कार और दूल्हे के भाई-भाभी के लिए सोने के गहनों का इंतजाम करने का दबाव बनाया. दूल्हे की मां ने भी मांगें पूरी नहीं होने पर बारात वापस ले जाने की बात कही. पिता का आरोप है कि उन्होंने और उनके परिवार ने सभी को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे. इसके बाद दूल्हे, उसकी मां और अन्य परिजनों ने रिश्तेदारों और मेहमानों के सामने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की. आरोप है कि इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई. काफी हंगामे के बाद रात करीब 12 बजे दूल्हा पक्ष बिना शादी किए बारात लेकर वापस लौट गया. छह लोगों के खिलाफ मामला कराया दर्ज अब पीड़ित परिवार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत देकर दूल्हे कुलदीप, उसकी मां रेशमरती, भाई-भाभी और दो बिचौलियों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी में दिया गया फर्नीचर, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी दूल्हा पक्ष ने वापस नहीं किया है. पिता ने पुलिस से सामान और गहने बरामद करवाने की मांग की है. फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है. सोनीपत के सेक्टर-27 थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए |Location :Sonipat,Sonipat,HaryanaFirst Published :November 22, 2026, 12:07 ISTऔर पढ़ें

