राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, अंबिकापुर। दिल्ली के जंतर-मंतर में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के धरने और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में जारी आंदोलन में शामिल होने जा रहे सरगुजा जिले के दो युवक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी दीपक सिंह (18) और उसका साथी सुरेश सिंह 18 जुलाई की रात पल्सर बाइक से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। दोनों सोनम वांगचुक के आंदोलन और नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर हो रहे धरने में शामिल होने जा रहे थे। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दीपक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक दीपक सिंह के घर पहुंचकर परिजन को सांत्वना दे रहे हैं। ग्रामीणों ने दीपक को एक प्रतिभाशाली और जागरूक युवक बताया और उसकी असामयिक मृत्यु को क्षेत्र की बड़ी क्षति करार दिया। सीतापुर पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस से सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। आगे की कार्रवाई अलीगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। दिल्ली रवाना होने से पहले दोनों युवकों ने इंटरनेट मीडिया पर आंदोलन के समर्थन में पोस्ट साझा की थी। दीपक सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा था- “हमारे सपने बिकाऊ नहीं हैं, हम न्याय लेकर रहेंगे।” इस पोस्ट को लेकर अब सोशल मीडिया पर लोग भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे शेयर कर दीपक को श्रद्धांजलि दी और इसे युवाओं के संघर्ष का प्रतीक बताया। हादसे के बाद अलीगढ़ पुलिस ने युवकों के पास मिले पहचान पत्र और दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद अलीगढ़ पुलिस ने सीतापुर पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सीतापुर पुलिस ने ग्राम आरा के सरपंच अजीत तिर्की के माध्यम से मृतक एवं घायल युवक के स्वजन को सूचना पहुंचाई। सूचना मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य तत्काल अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version