राष्ट्रवाणी (राजनांदगांव ब्यूरो): प्रतिनिधि, राजनांदगांव : नर्सिंग आफिसर्स एसोसिएशन की हड़ताल से 535 बिस्तर वाले मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमसीएच), पेंड्री की चिकित्सा व्यवस्था बेपटरी हो गई है। हड़ताल के एक दिन पहले से ही यहां आने वाले मरीजों को रेफर किया जाने लगा था। दूसरी ओर वार्डों में भर्ती मरीजों को भी डिस्चार्ज कर दिया गया है।
सबसे बड़ा असर सर्जरी पर पड़ा है। पहले से तय ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। गर्भवतियों को भी बाहर भेजा जा रहा है।
ऑपरेशन थियेटर ठप पड़ गए हैं। मौजूदा समय में सिर्फ आपातकालीन वार्ड, एनआइसीयू ही संचालित किया जा रहा है। बता दें कि बुधवार से मेडिकल कॉलेज की 73 स्टाफ नर्स और 32 नर्सिंग सिस्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं।
इन अनुभवी स्टाफ के चले जाने से व्यवस्था चरमरा गई है। चिकित्सकों के होते हुए भी अस्पताल में मरीजों को संभालना चुनौती बन गया है। हालांकि एमसीएच प्रबंधन के मुताबिक वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे चिकित्सा जारी है और मरीजों को लेने की बात कही जा रही है।
हमने सीएमएचओ, सिविल सर्जन से बात कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई है। नर्सिंग कॉलेज से भी मदद ले रहे हैं। अनुभवी स्टाफ के हड़ताल पर जाने का असर काफी ज्यादा है।
ऑपरेशन बंद हैं, लेकिन आपाताकालीन चिकित्सा जारी है। मरीज भी लिए जा रहे हैं। – डॉ अतुल देशकर, अधीक्षक

