राष्ट्रवाणी: #IndianAirForce #IAFHistory #BattleOfBoyra #1971War
@DefenceMinIndia @SpokespersonMoD @HQ_IDS_India @adgpi @indiannavy @CareerinIAF @air_veterans — Indian Air Force (@IAF_MCC) November 22, 2026 पढ़ें- Barak vs Fatah-3: पाक ने मिसाइल बनाई वह भी कॉपी-पेस्ट, फतह की भारत के ‘बराक’ कवच के सामने कितनी है औकात?
22 नवंबर को पाकिस्तानी वायुसेना के चार F-86 सेबर विमान बॉयरा सेक्टर के ऊपर दिखाई दिए. यह इलाका उस समय पूर्वी पाकिस्तान के जेसोर सेक्टर के करीब था. पाकिस्तानी विमानों ने भारतीय जमीन पर मौजूद सैनिकों की पोजिशन पर करारा जवाब देते हुए तीखा हमला बोला . भारतीय वायुसेना ने रडार पर घुसपैठ पकड़ी और दमदम एयरफील्ड से 22 स्क्वाड्रन ‘स्विफ्ट्स’ के चार फोलैंड नैट विमानों को उड़ान भरने का आदेश दिया. भारतीय पायलटों का मकसद दुश्मन के विमानों को रोकना था. कुछ ही देर में दोनों तरफ के लड़ाकू विमान आमने-सामने आ गए. इसके बाद शुरू हुई तेज और बेहद रोमांचक हवाई भिड़ंत. यह मुकाबला तीन मिनट से भी कम चला. लेकिन इतने कम समय में ही भारतीय पायलटों ने पाकिस्तानी विमानों को भारी नुकसान पहुंचा दिया. फोलैंड नैट ब्रिटेन में बना हल्का लड़ाकू विमान था. आकार में छोटा होने के बावजूद इसकी फुर्ती और तेजी इसे करीबी हवाई मुकाबले में बेहद प्रभावी बनाती थी. इसकी मदद से पायलट तेजी से दिशा बदल सकते थे और दुश्मन के विमान के करीब पहुंचकर हमला कर सकते थे. दूसरी ओर F-86 सेबर अमेरिकी मूल का लड़ाकू विमान था. उस दौर में इसे दुनिया के बेहतर जेट विमानों में गिना जाता था. पाकिस्तान के पास भी सेबर का बेड़ा था और वह इसकी क्षमता पर भरोसा करता था. लेकिन नैट ने 1965 और फिर 1971 में अपनी ताकत साबित की. बॉयरा की लड़ाई ने इसकी प्रतिष्ठा को और मजबूत कर दिया. इसी वजह से इसे ‘सेबर स्लेयर’ का नाम मिला. भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 की औपचारिक जंग की शुरुआत 3 दिसंबर को मानी जाती है. उस दिन पाकिस्तान ने भारतीय एयरबेस पर हवाई हमले किए. इसके जवाब में भारत ने भी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी. लेकिन बॉयरा की भिड़ंत बता चुकी थी कि पूर्वी मोर्चे पर लड़ाई की जमीन पहले ही तैयार हो चुकी थी. उस समय पूर्वी पाकिस्तान में हालात लगातार बिगड़ रहे थे. मुक्ति वाहिनी की कार्रवाई तेज थी और भारतीय सेना सीमा पर सक्रिय थी. ऐसे में बॉयरा की घटना ने यह साफ कर दिया कि संघर्ष अब सिर्फ जमीनी सैनिकों और तोपों तक सीमित नहीं रहा. आसमान भी युद्ध का मैदान बन चुका था. बॉयरा की लड़ाई भले ही कुछ मिनटों की थी लेकिन इसका मनोवैज्ञानिक असर बड़ा था. भारतीय वायुसेना के लिए यह अपने रडार सिस्टम और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखने का मौका था. पायलटों के बीच तालमेल भी सामने आया. वहीं पाकिस्तानी सेना को यह संकेत मिल गया कि पूर्वी मोर्चे पर भारतीय वायुसेना को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है. 3 दिसंबर के बाद जब युद्ध पूरी तरह शुरू हुआ तो पूर्वी मोर्चे पर भारतीय वायुसेना ने तेजी से बढ़त बनाई. जमीनी सैनिकों को हवाई समर्थन मिला और भारतीय सेना ढाका की ओर बढ़ती गई. 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण के साथ पूर्वी मोर्चे पर युद्ध समाप्त हुआ और बांग्लादेश का जन्म हुआ. 1971 की जंग में टांगाइल एयरड्रॉप और ढाका में आत्मसमर्पण जैसी घटनाओं की चर्चा ज्यादा होती है. लेकिन बॉयरा की लड़ाई का अपना अलग महत्व है. इसने औपचारिक युद्ध शुरू होने से पहले ही भारतीय वायुसेना के इरादे और क्षमता दिखा दी थी. छोटे से नैट विमान ने बड़े माने जाने वाले सेबर को चुनौती दी. पायलटों के साहस और कौशल ने कुछ मिनटों में ऐसा इतिहास रचा जिसे आज भी याद किया जाता है. बॉयरा इस बात की मिसाल है कि युद्ध का रुख तय करने वाले हर पल के लिए बड़ी सेना या लंबी लड़ाई जरूरी नहीं होती. कभी-कभी कुछ मिनट भी इतिहास बना देते हैं. QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

