राष्ट्रवाणी: टाटा स्टील और आर्सेलरमित्तल भारत की प्रमुख स्ट्रक्चरल स्टील पाइप निर्माता कंपनी एपीएल अपोलो ट्यूब्स को खरीदने की दौड़ में हैं। यह डील 31,818 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, जिसमें प्रमोटरों की हिस्सेदारी और एक ओपन ऑफर शामिल है। एपीएल अपोलो ट्यूब्स के अधिग्रहण की दौड़ में टाटा स्टील आर्सेलरमित्तल भी इस बड़ी डील में शामिल है डील का कुल मूल्य 31,818 करोड़ रुपये तक संभव बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली।
भारत की प्रमुख स्ट्रक्चरल स्टील पाइप और ट्यूब निर्माता कंपनी, एपीएल अपोलो ट्यूब्स (APAT) को खरीदने के लिए टाटा स्टील और आर्सेलरमित्तल के बीच होड़ चल रही है। इनमें टाटा स्टील भारत की दूसरी सबसे बड़ी और आर्सेलरमित्तल दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्टील निर्माता कंपनी है।यह डील इस सेक्टर के सबसे बड़े खरीदारी सौदों में से एक हो सकती है।
बताया जा रहा है कि टाटा स्टील इस डील के काफी करीब पहुंच गई है और कंपनी अपनी उस स्ट्रैटजी पर जोर दे रही है, जो घरेलू लेवल पर वैल्यू एडिशन पर फोकस्ड है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार APL अपोलो के प्रमोटर, जिनको दूसरी पीढ़ी के उद्यमी संजय गुप्ता लीड कर रहे हैं, कंपनी में अपनी 28% हिस्सेदारी बेचना चाहते हैं।
इस डील के साथ ही कंपनी की अतिरिक्त 26% इक्विटी के लिए एक ‘ओपन ऑफर’ भी आएगा। मौजूदा बाजार मूल्य के हिसाब से, केवल गुप्ता परिवार की हिस्सेदारी की वैल्यू ही 16,498 करोड़ रुपये है। शुक्रवार को शेयर की क्लोजिंग कीमत 2,122 रुपये प्रति शेयर रही।
अगर इस कीमत पर पूरा ओपन ऑफर सब्सक्राइब हो जाता है, तो कुल डील की वैल्यू 31,818 करोड़ रुपये (3.42 अरब डॉलर) तक पहुंच सकती है। APL अपोलो ‘इलेक्ट्रिक-रेजिस्टेंस-वेल्डेड’ (ERW) स्टील ट्यूब और पाइप बनाती है, जिनका इस्तेमाल घरों, कमर्शियल इमारतों, फैक्ट्रियों, गोदामों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में किया जाता है।
देश भर में कंपनी की 11 अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं, जिनकी कुल क्षमता 5 मिलियन टन प्रति वर्ष है।हाल ही में UAE में शुरू की गई यूनिट की क्षमता 0.4 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) से अधिक है। कंपनी L&T, टाटा प्रोजेक्ट्स, NBCC, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (Airports Authority of India) और भारतीय रेलवे जैसे ग्राहकों को अपने उत्पाद सप्लाई करती है।
कंपनी का लक्ष्य 2030 तक अपनी क्षमता को बढ़ाकर 8 MTPA करना है। FY26 में एपीएल अपोलो ट्यूब्स की सेल्स वॉल्यूम सालाना आधार पर 11% बढ़ी, जबकि रेवेन्यू 12% की बढ़ोतरी के साथ अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। बाजार में बढ़ते मुकाबले के दबाव के बावजूद, कंपनी का मार्केट शेयर 55% से बढ़कर 65% हो गया।इन हालातों के बीच, APL अपोलो ने अपने इतिहास का सबसे बेहतरीन वित्तीय प्रदर्शन किया है।
पूरे साल का EBITDA 50% बढ़ गया, जबकि प्रति टन EBITDA में 36% की बढ़ोतरी हुई। यह न केवल कंपनी की ऑपरेशनल एफिशिएंसी (कामकाजी दक्षता) को दिखाता है, बल्कि यह भी बताता है कि किसी भी बाजार स्थिति में एक प्रीमियम ब्रांड के पास कितनी मजबूत प्राइसिंग पावर होती है। कंपनी के बिकने की उम्मीदों के बीच, पिछले एक साल में APL अपोलो के शेयरों में 19.3% की तेजी आई है।
अन्य स्टील कंपनियों के शेयर आमतौर पर 6 से 9 गुना के EV/EBITDA मल्टीपल पर ट्रेड करते हैं, जबकि APL अपोलो का शेयर लगभग 26 गुना के ऊंचे मल्टीपल पर ट्रेड कर रहा है। इंडस्ट्री के कुछ जानकारों का मानना है कि यह ‘प्रीमियम’ (ऊंची कीमत) एक रुकावट बन सकता है।

