राष्ट्रवाणी: ट्रंप के दामाद बन गए ‘शकुनी’, इस देश में प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘महाभारत’ शुरूट्रंप के दामाद बन गए ‘शकुनी’, इस देश में प्रधानमंत्री के खिलाफ शुरू हो गई ‘महाभारत’, इस्तीफा-इस्तीफा चिल्ला रहे लोगWritten by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 20:19 ISTअल्बानिया की राजधानी तिराना में आजादी की 114वीं सालगिरह पर बड़ा बवाल हुआ. सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा और झड़पें हुईं, हजारों लोग सड़कों पर उतरे और पीएम एडी रामा का इस्तीफा मांगने लगे. ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ की शुरुआत दक्षिणी तट के एक लक्जरी टूरिज्म प्रोजेक्ट के विरोध से हुई थी. ये प्रोजेक्ट डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर की इन्वेस्टमेंट फर्म से जुड़ा बताया जाता है. अब ये आंदोलन भ्रष्टाचार, खराब शिक्षा, कम पेंशन और गिरते जीवन स्तर के खिलाफ बड़ा सियासी बवाल बन गया है. भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन चलाए.अल्बानिया प्रदर्शन में बवालडोनाल्ड ट्रंप के दामाद ने अपने फायदे के चक्कर में एक देश के प्रधानमंत्री को फंसा दिया है. उनकी ‘शकुनी’ वाली चाल की वजह से अब इस देश के लोग अपने प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं. यहां चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने अब इतना बड़ा रूप ले लिया है कि हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं और सरकार के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं. गुस्साई भीड़ के निशाने पर देश के प्रधानमंत्री हैं और लोग ‘इस्तीफा दो’ के नारे लगा रहे हैं. इस पूरे बवाल के पीछे एक बड़ा लक्जरी टूरिज्म प्रोजेक्ट है, जिसका संबंध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर की इन्वेस्टमेंट फर्म से बताया जाता है. अल्बानिया में सरकारी इमारतों पर अटैक ये पूरा मामला अल्बानिया की राजधानी तिराना का है, जहां 28 नवंबर को सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान जमकर हंगामा और झड़पें हुईं. हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे की मांग करने लगे. हालात को काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा. दूसरी तरफ, प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और डंडों से सरकारी इमारतों की खिड़कियां तोड़ने के साथ-साथ सड़कों पर लगे कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. अल्बानिया की सड़कों पर गूंजा ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ शनिवार को अल्बानिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग इस रैली में शामिल होने के लिए राजधानी तिराना पहुंचे. प्रदर्शनकारी शहर के मुख्य स्कैंडरबेग स्क्वायर पर इकट्ठा हुए और ‘इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए पूरे राजनीतिक सिस्टम में बड़ा बदलाव करने की मांग करने लगे. जैसे-जैसे तनाव बढ़ा, वैसे-वैसे शहर की प्रमुख सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और पुलिस अधिकारियों ने कई जगहों पर गाड़ियों की तलाशी भी ली. Advertisementसड़कों पर स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों के एक हिस्से ने सुरक्षा बलों और सरकारी ढांचे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पथराव और लाठी-डंडों के इस्तेमाल से इमारतों व कैमरों को निशाना बनाया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछारों का सहारा लिया. पूरे शहर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे. लक्जरी प्रोजेक्ट और ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ की शुरुआत ये पूरा विरोध प्रदर्शन एक ऐसे आंदोलन का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत मई के आखिर में हुई थी. उस वक्त लोगों के गुस्से की बड़ी वजह अल्बानिया के दक्षिणी तट पर प्रस्तावित या चल रहे एक बड़े लक्जरी टूरिज्म प्रोजेक्ट का विरोध था. ये प्रोजेक्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर द्वारा बनाई गई एक इन्वेस्टमेंट फर्म से जुड़ा बताया जाता है. शुरुआत में ये विरोध इसी विकास परियोजना को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे ये पूरे देश में फैली नाराजगी और असंतोष की बड़ी आवाज बन गया. प्रदर्शनकारियों ने देश में भ्रष्टाचार, गिरते रहन-सहन के स्तर और शिक्षा व्यवस्था की खराब हालत पर गंभीर सवाल उठाए हैं. इसके साथ ही वो देश की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव की मांग भी कर रहे हैं. ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ में चल क्या रहा है इन रैलियों को ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ का नाम दिया गया है. हालांकि इस आंदोलन के दौरान कई प्रदर्शन हिंसक भी हुए हैं, लेकिन इसका बड़ा मकसद बेहतर शिक्षा, जीवन स्तर में सुधार और अब तेजी से बढ़ती मांग के तौर पर प्रधानमंत्री एडी रामा का पद छोड़ना बन गया है. लोगों का मानना है कि बड़े सौदों और फैसलों के बीच आम जनता की बुनियादी परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है. आजादी की सालगिरह के दिन सड़कों पर विरोध ये रैली ऐसे दिन हुई है, जिस दिन अल्बानिया अपनी आजादी की 114वीं सालगिरह मना रहा था. ये एक राष्ट्रीय अवकाश है, जिसे परंपरागत रूप से जश्न और उत्सव के साथ मनाया जाता है. लेकिन इस बार जश्न और छुट्टी के माहौल के बीच हजारों लोग राजधानी में जुटकर राजनीतिक बदलाव और प्रधानमंत्री के जाने की मांग करने लगे. आजादी की सालगिरह के मौके पर हुए इस प्रदर्शन ने ये भी दिखाया कि लोगों की नाराजगी सिर्फ देश की सीमाओं तक सीमित नहीं है. इस आंदोलन में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में बसे अल्बानियाई समुदाय के लोग भी शामिल हुए हैं. विदेश से आए लोगों का दर्द और गुस्सा इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए ब्रिटेन में रहने वाले 33 वर्षीय एरियन ल्लेशी खास तौर पर तिराना पहुंचे. उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वो लोग यूरोप और दुनिया के बाकी हिस्सों में इस तरह फैल गए हैं, मानो बिना किसी देश के नागरिक हों. उनके शब्दों में, वो ऐसे नागरिकों जैसे महसूस करते हैं जिनका कोई अपना देश नहीं है. एरियन ल्लेशी का मानना है कि 1990 के दशक में कम्युनिज्म के पतन के बाद जो राजनीतिक पार्टियां सामने आई थीं, वो अब आम लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं. उन्होंने मांग की कि अब एक नई पीढ़ी, खासकर पढ़े-लिखे लोगों और उन लोगों को आगे आना चाहिए, जिन्हें अल्बानिया के भविष्य की असली चिंता है और जिनका इससे सीधा जुड़ाव है. पेंशन लेने वालों, छात्रों और आम लोगों का गुस्सा इस विरोध प्रदर्शन में सिर्फ युवा या बाहर से आए लोग ही नहीं, बल्कि छात्र और पेंशनभोगी बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं. युवाओं और बुजुर्ग नागरिकों के समर्थन में सड़क पर उतरीं सुजाना गजेटा ने फॉक्स न्यूज को बताया कि कई पेंशनभोगी सिर्फ 120 यूरो प्रति माह पर गुजारा करने को मजबूर हैं. महंगाई और सीमित आय के बीच बुजुर्गों की मुश्किलों का जिक्र करते हुए उन्होंने भी एडी रामा के पद छोड़ने और देश में भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग की. उनके मुताबिक, आम लोगों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी चलाना कठिन होता जा रहा है और इसी वजह से समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं. अल्बेनिया में कंट्रोल से बाहर हो रहे हालात अल्बानिया में चल रहा ये प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि एक तटीय लक्जरी प्रोजेक्ट को लेकर शुरू हुई नाराजगी अब गहरे राजनीतिक बवाल में बदल चुकी है. एक तरफ कानून-व्यवस्था संभाल रही पुलिस और प्रशासन है, जो राजधानी में स्थिति को नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी तरफ ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ से जुड़े वो हजारों लोग हैं, जो सिस्टम में बदलाव और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की जिद पर अड़े हैं. आजादी की 114वीं सालगिरह पर तिराना की सड़कों पर उमड़ी भीड़ और झड़पों ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में सरकार पर सियासी दबाव और बढ़ सकता है. भ्रष्टाचार, कम पेंशन, खराब शिक्षा और गिरते जीवन स्तर जैसे मुद्दे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं, इसलिए ये आंदोलन अल्बानिया की राजनीति के लिए एक बड़ी परीक्षा बनकर सामने खड़ा है.About the AuthorIntroduction: If world leaders are arguing, borders are shifting, or a geopolitical storm is brewing somewhere on the planet, chances are Utkarsha Srivastava is already writing about it. Experience: A digita…न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए देखें.First Published :November 28, 2026, 20:19 ISTऔर पढ़ें

