राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के शासकीय और निजी नर्सिंग कॉलेजों में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए छात्रों को बड़ी राहत दी गई है। अब बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए व्यापमं की प्रवेश परीक्षा में 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (डीएमई) ने दूसरे और तीसरे (मॉप-अप) चरण की संयुक्त ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत अभ्यर्थी 20 नवंबर सुबह 11 बजे से 22 नवंबर दोपहर दो बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीयन और कॉलेजों के विकल्प भर सकेंगे। संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
राज्य शासन के 18 नवंबर के आदेश के तहत 10 परसेंटाइल अंकों की विशेष छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में ही लागू होगी, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों के लिए पूर्व निर्धारित पात्रता शर्तें यथावत रहेंगी। काउंसिलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण में भरे गए विकल्प अब मान्य नहीं होंगे, इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से कॉलेज और विषय का चयन कर विकल्प लॉक करना अनिवार्य होगा।
पहले पंजीयन करा चुके ऐसे अभ्यर्थी, जिन्हें अब तक सीट नहीं मिली है या जिन्होंने प्रवेश नहीं लिया है, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दोबारा चॉइस फिलिंग कर सकेंगे। इसके अलावा, पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र विद्यार्थियों को भी सीट अपग्रेडेशन का अवसर दिया गया है। आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 22 नवंबर दोपहर दो बजे तक 500 रुपये शुल्क के साथ विकल्प खुला रहेगा।
भारतीय उपचर्या परिषद (आईएनसी) ने प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की है और स्पष्ट किया है कि इसके बाद समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। अभ्यर्थी काउंसिलिंग और आवंटन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए वेबसाइट www.cgdme.in का नियमित अवलोकन कर सकते हैं।

