राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। क्रिकेट पर सट्टा लगा रहे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने अप्रैल महीने में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली।
सटोरियों ने हवाला के जरिए सट्टे की कमाई को इधर-उधर किया। साथ ही इस कमाई से करीब 25 करोड़ की संपत्ति बनाई। इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड दुबई में रहकर अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे हैं।
सटोरियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने पांच अप्रैल को उदई चौक के पास घेराबंदी कर क्रिकेट पर सट्टा लगा रहे जूना बिलासपुर निवासी दीपक भक्तानी और तोरवा में रहने वाले विशाल विधानी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि दीपक की करीब दो साल पहले गोवा में राजा अरोरा से मुलाकात हुई थी। उसने विशाल के माध्यम से सट्टे का लिंक उपलब्ध कराया था। इसके बाद से दीपक शहर में सट्टे का कारोबार करने लगा।
इससे होने वाली कमाई का आठ प्रतिशत वह विशाल को देता था। अपना हिस्सा लेकर बाकी की रकम वह हवाला के जरिए ऊपर बैठे लोगों को भेज देता था। पुलिस ने दीपक और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
साथ ही इस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि सट्टे के मास्टरमाइंड दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क को चला रहे हैं। इस मामले में पता चला कि इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड बिलासपुर में रहने वाले सुनील रोहरा और मनीष रोहरा हैं।
जबलपुर में रहने वाला आकाश गोगा उनकी मदद करता है। सट्टे की कमाई को हवाला के जरिए इधर-उधर किया जाता है। दो साल में सटोरियों ने करीब 25 करोड़ की संपत्ति भी बनाई है।
पुलिस ने इसके दस्तावेज जुटाए हैं। अब संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दीपक करीब दो साल से ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में जुड़ा रहा।
गोवा में राजा अरोरा से मुलाकात के बाद वह क्रिकेट के हर मैच में सट्टा लगाने लगा। आईपीएल के साथ ही वह देश और विदेश में होने वाले ट्वेंटी-ट्वेंटी टूर्नामेंट के मैच में सट्टा लगाता था। इससे होने वाली कमाई का आठ प्रतिशत वह विशाल को उपलब्ध करा देता था।

