राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर 26 नवंबर 2008 की रात एके- 47 से लैस आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे। स्टेशन पर भगदड़ मची थी।
इसी बीच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के इंस्पेक्टर संदीप तानाजी खिरटकर ने सिर्फ 303 राइफल लेकर आतंकियों का सामना किया। साथी जवानों के साथ मोर्चा संभालकर उन्होंने जवाबी फायरिंग की, जिससे आतंकियों को रास्ता बदलना पड़ा। उस रात मुंबई में आतंकियों से भिड़ने वाले खिरटकर रायपुर रेल मंडल में एक वर्ष से सहायक सुरक्षा आयुक्त (एएससी) के पद पर हैं और रेल यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले में दर्ज बयान के अनुसार, हमले के समय खिरटकर सीएसएमटी में आरपीएफ इंस्पेक्टर थे। रात में आवास पर रहते हुए उन्हें कॉन्स्टेबल जाधव का फोन आया। स्टेशन पर आतंकी हमला होने की सूचना मिलते ही वे मोटरसाइकिल से रवाना हुए और पांच से सात मिनट में पहुंच गए।
जीएम कार्यालय स्थित आरपीएफ शस्त्रागार से 303 राइफल और 20 राउंड कारतूस लेकर वे एसआइ भोसले और इंस्पेक्टर क्षीरसागर के साथ डीएन रोड की ओर जीएम पोर्च पहुंचे। वहां उन्होंने कसाब और अबू इस्माइल को सबवे के पास पोर्च की ओर आते देखा। आतंकियों ने एके- 47 से फायरिंग शुरू की, तो खिरटकर और उनके साथियों ने जवाबी गोलियां चलाईं।
इसके बाद आतंकी वापस स्टेशन में दाखिल हुए और प्लेटफार्म नंबर-1 से फुट ओवरब्रिज के रास्ते बाहर निकल गए। मुठभेड़ के बाद खिरटकर आरपीएफ कार्यालय के सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे। जांच में पता चला कि रखरखाव के कारण मेन लाइन के कुछ कैमरे बंद थे, लेकिन लोकल लाइन के प्लेटफार्म नंबर-1 और मुख्य हाल के कैमरों में आतंकियों की गतिविधियां रिकार्ड हुई थीं।
रात करीब 11:30 बजे उन्होंने डीवीआर में रिकार्डिंग सुरक्षित होने की पुष्टि की और संबंधित फुटेज की सीडी तैयार करवाकर सील कर दी। उस समय डीवीआर में रिकार्डिंग केवल सात दिन तक सुरक्षित रहती थी। समय रहते सीडी तैयार होने से हमले के महत्वपूर्ण दृश्य जांच एजेंसियों के लिए सुरक्षित रह सके।
28 दिसंबर 2008 को आर्थर रोड जेल में आयोजित शिनाख्त परेड में भी खिरटकर ने गवाही दी। कसाब के खिलाफ मुकदमे में उनकी गवाही और सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य बने। मुंबई हमले के दौरान साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2010 में खिरटकर को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया।
मुंबई के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के आमला और पुणे रेलवे जंक्शन में भी सेवाएं दीं। पदोन्नति के बाद वे सहायक सुरक्षा आयुक्त बने। अब रायपुर रेल मंडल में स्टेशन, रेलवे परिसर और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी है।

