राष्ट्रवाणी (जांजगीर-चांपा ब्यूरो): न्यूज, जांजगीर : जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने अब जब्त सामग्री के विधिवत नष्टीकरण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया।
इसमें एक क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8,900 नशीली टैबलेट शामिल हैं। चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के कोटाडबरी औद्योगिक प्लांट की भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थ जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज अलग-अलग प्रकरणों में आरोपितों से जब्त किए गए थे।
इन मामलों में कार्रवाई के बाद जब्त सामग्री को नियमानुसार नष्टीकरण के लिए प्रस्तुत किया गया। जिला स्तरीय समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के साथ जब्त सामग्री का नियमानुसार नष्टीकरण भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है। नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, एसडीओपी चांपा लोकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी जांजगीर सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी, निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे, जिला अपराध शाखा के पूर्व प्रभारी सेवानिवृत्त प्रधान आरक्षक जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, शैलेन्द्र पटेल एवं मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

