राष्ट्रवाणी (दुर्ग ब्यूरो): प्रतिनिधि, भिलाई। ओडिशा तट की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव दुर्ग जिले के मौसम पर साफ नजर आने लगा है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से आसमान में घने बादल छाने के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं और रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया।
बेमौसम हुई इस बारिश ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल और कटाई के बाद खुले में रखी धान की उपज को बारिश से नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीण इलाकों के किसान अब बेसब्री से आसमान साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, उन्हें खलिहान और खेतों में खुले आसमान के नीचे रखी फसल को भीगने से बचाने की जद्दोजहद करनी पड़ रही है। किसानों के मुताबिक, यदि बारिश का सिलसिला लंबा खिंचा तो खड़ी फसल के गिरने और कटी हुई उपज के खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी। मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर जिले के धान खरीदी केंद्रों पर भी दिखने लगा है।
सुबह बारिश के कारण कई केंद्रों पर खरीदी का काम प्रभावित रहा। खरीदी केंद्रों में रखे धान को पानी से सुरक्षित रखने के साथ ही आवक, तौल और उठाव की व्यवस्था को सुचारू रखना प्रशासन व समितियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इसके अलावा, बारिश की वजह से धान में नमी का प्रतिशत बढ़ने से गुणवत्ता प्रभावित होने और बिक्री के समय परेशानी की आशंका बनी हुई है।
एक तरफ जहां ग्रामीण क्षेत्रों में किसान परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर बारिश ने भिलाई शहर के मौसम को खुशनुमा बना दिया है। ठंडी हवाओं और हल्की फुहारों के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को ठंडक का अहसास हो रहा है। बारिश के बीच सेंट्रल एवेन्यू समेत शहर की प्रमुख सड़कों पर मौसम का नजारा बदला हुआ दिखाई दिया।
